स्टार न्यूज़ एजेंसी
नई दिल्ली. राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल, उपराष्ट्रपति मुहम्मद हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने रामनवमी के पावन अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने अपने संदेश में कहा है-" रामनवमी के शुभ अवसर पर मैं देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मैं कामना करती हूं कि यह दिन भगवान राम के सदाचार और नि:स्वार्थ सेवा के संदेश को फैलाने के लिए हमें प्रेरित करे और शानदार भारत का निर्माण करने के लिए न्याय और मानव मर्यादा सम्मान के लिए संघर्ष करने के हमारे संकल्प को सुदृढ करे।"
उपराष्ट्रपति मुहम्मद हामिद अंसारी ने रामनवमी के शुभावसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए पने संदेश में कहा है कि भगवान राम ने मर्यादा पुरोषत्तम के रूप में मानव जाति को जीवन में उच्च गुणों और नैतिक मूल्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। भगवान राम के जीवन और उपदेशों से हमें अपने जीवन में आध्यात्मिक शांति और मार्ग दर्शन प्राप्त होता है। "भगवान राम के जन्म दिवस के रूप में मनाए जाने वाले रामनवमी के शुभ अवसर पर मैं देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं। भगवान राम ने मर्यादा पुरषोत्तम के रूप में मानव जाति को जीवन में सर्वोत्तम गुणों और नैतिक मूल्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। भगवान राम के जीवन और उपदेशों से हमें अपने जीवन में आध्यात्मिक शांति और मार्ग दर्शन प्राप्त होता है। इस शुभ दिवस पर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज की स्थापना के लिए आईए हम सब भगवान राम के उपदेशों के प्रति खुद को पुन: समर्पित करें।"
प्रधानमंत्री ने एक संदेश में कहा कि "भगवान राम का जीवन हमें अत्यंत कठिनाई में भी सदाचार के मार्ग का अनुसरण करने को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि रामनवमी हमें ईमानदारी से जीवन बसर करने की प्रेरणा देती है। डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने संदेश में कामना की है कि यह पर्व सभी के लिए प्रसन्नता और खुशी लाए।"