भोपाल (मध्य प्रदेश). अगले पंद्रह दिनों में लोगों को नग्न आंखों से पांच ग्रह देखने को मिलेंगे। इसकी शुरुआत रविवार से हो रही है। इसी तारीख में दिन और रात बराबर होने की खगोलीय घटना होगी। शनि ग्रह रविवार शाम पूर्वी आकाश में वलयों से घिरा दिखाई देगा जबकि 28 मार्च को सूर्यास्त के समय पश्चिमी आकाश में बुध के दर्शन होंगे।
अनुसूचित जाति संभागीय आवासीय विद्यालय की विज्ञान प्रभारी अभिलाषा दुबे ने बताया कि तीन और चार अप्रैल को शुक्र एवं बुध लगभग तीन डिग्री के अंतर पर दिखाई देंगे। इन दिनों बृहस्पति ग्रह को सूर्योदय से आधा घंटे पहले पूर्वी आकाश में और मंगल ग्रह को शाम के समय सिर के ठीक ऊपर देखा जा सकता है।
आज दिन-रात बराबर
मार्च में 21 तारीख को सूर्य भूमध्य रेखा पर स्थित होता है। सूर्य की किरणों भूमध्यरेखा पर सीधी पड़ती हैं। इस कारण उत्तरी व दक्षिणी गोलार्ध में दिन और रात बराबर होते हैं। इसके बाद उत्तरी गोलार्ध में दिन बड़े होने लगते हैं।
भूमध्य रेखा से दूरी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दिन और रात बराबर होने की तारीखों में परिवर्तन देखा जाता है। राजधानी में दिन और रात बराबर होने की तारीख पिछले दो सालों से 14 मार्च दर्ज की जा रही है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी 13 मार्च को सूर्यास्त शाम 6.30 बजे हुआ था, वहीं 14 मार्च को सूर्योदय सुबह 6.30 बजे एवं सूर्यास्त शाम 6.30 बजे दर्ज किया गया था।
(साभार भास्कर)